रामजन्मभूमि परिसर में परकोटे की दक्षिणी भुजा के मध्य स्थित हनुमान मंदिर में गुरुवार को चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर धर्म ध्वजा का आरोहण किया जाएगा। इसी दिन हनुमान जयंती भी है, इसलिए प्रातःकाल मंदिर में विराजे भगवान श्रीराम के अनन्य भक्त, बजरंग बली की विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी।
मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि
प्रातः 11 बजे शुरू होने वाले कार्यक्रम में मंदिर आंदोलन के सूत्रधार रहे पूर्व सांसद विनय कटियार धर्म ध्वजा का आरोहण करेंगे। उन्हें ट्रस्ट ने मुख्य अतिथि बनाया है। यह उनकी रामजन्मभूमि परिसर के किसी आयोजन में पहली भागीदारी होगी।साथ ही बजरंग दल के अध्यक्ष रहे और वर्तमान में महाराष्ट्र भाजपा के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।ट्रस्ट ने रामनगरी के कुछ साधु-संतों के साथ लगभग डेढ़ सौ अन्य लोगों को भी आमंत्रित किया है। ध्वजारोहण के पश्चात हनुमान मंदिर पूरे दिन खुला रहेगा, जिससे अतिथि, ट्रस्ट व कार्यदायी एजेंसियों के कर्मी और सुरक्षा कर्मियों को दर्शन का अवसर मिल सके।
नियमित पूजन-अर्चना हो रही
हालांकि रामलला के सामान्य दर्शनार्थियों को हनुमान मंदिर में दर्शन की अनुमति नहीं मिलेगी। इस हनुमान मंदिर में बजरंग बली की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा पिछले वर्ष 5 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों हुई थी, जब परकोटे के अन्य छह पूरक मंदिरों और राम मंदिर के प्रथम तल पर राम परिवार को प्रतिष्ठित किया गया था। तब से सभी मंदिरों में ट्रस्ट की ओर से नियमित पूजन-अर्चना हो रही है, लेकिन दर्शन अभी तक प्रारंभ नहीं हो सके।
मंदिर को पूरे दिन खुला रखने का निर्णय
राम मंदिर के व्यवस्थापक गोपाल राव ने बताया कि हनुमान जयंती के कारण ट्रस्ट ने मंदिर को पूरे दिन खुला रखने का निर्णय लिया है। हनुमान मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण के बाद चार पूरक मंदिरों पर ध्वजा फहराई जाएगी। इनमें से तीन (मां दुर्गा, शिव और गणेश मंदिर) परकोटे में और एक (शेषावतार मंदिर) परिसर के बाहर स्थित है। मां अन्नपूर्णा और भगवान सूर्यदेव के मंदिर पर ध्वजारोहण पहले ही हो चुका है।