गोरक्षपीठ के अनन्य भक्त और वरिष्ठ समाजसेवी मारकंडेय यादव के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया। गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री गोरखपुर के पिपराइच क्षेत्र स्थित लुहसी गांव पहुंचे और उनके पैतृक आवास पर जाकर पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
मेदांता अस्पताल में हुआ निधन
जानकारी के अनुसार, मारकंडेय यादव का बुधवार सुबह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वे गोरक्षपीठ के प्रति गहरी आस्था रखते थे और सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते थे।
परिजनों को बंधाया ढांढस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पत्नी गुड्डी यादव, पुत्र संजीव यादव व विशाल यादव, भाई हरेंद्र यादव, पुत्री वंदना यादव सहित अन्य परिजनों से आत्मीय बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया। साथ ही दिवंगत आत्मा की शांति के लिए महायोगी गुरु गोरखनाथ से प्रार्थना की।
जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक महेंद्रपाल सिंह, विपिन सिंह, सहकारी ग्राम विकास बैंक के सभापति संतराज यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।