देहरादून - पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी को बढ़त मिलती दिख रही है, जिस पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि बंगाल की जनता ने विकास, सुशासन और राष्ट्रहित के पक्ष में मतदान किया है।
बंगाल ने चुनी विकास की रफ्तार…
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अपने संदेश में लिखा, “बंगाल ने चुनी विकास की रफ्तार… खिला कमल, बनेगी डबल इंजन सरकार।” उन्होंने इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए पश्चिम बंगाल की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई दी। धामी ने कहा कि यह जनादेश प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी नीतियों और सुशासन पर जनता के भरोसे को दर्शाता है। साथ ही उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाहऔर पार्टी नेतृत्व के प्रयासों की भी सराहना की।
बंगाल की जनता ने भय को नकारा
मुख्यमंत्री ने अपने बयान में यह भी कहा कि बंगाल की जनता ने भय, तुष्टिकरण और अव्यवस्था को नकारते हुए विकास और सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। उनके अनुसार, भाजपा की नीतियां और ‘अंत्योदय’ का संकल्प देशभर में विकास की धारा को आगे बढ़ा रहा है। हालांकि, चुनाव के अंतिम परिणाम अभी आना बाकी हैं, लेकिन रुझानों के बीच इस तरह के बयान राजनीतिक माहौल को और गरमा रहे हैं। विपक्षी दलों की ओर से भी इन दावों पर प्रतिक्रिया आने की संभावना है। बंगाल चुनाव के रुझानों ने राष्ट्रीय राजनीति में हलचल तेज कर दी है और आने वाले नतीजे राज्य की दिशा तय करेंगे।