भोपाल। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती सिस्टम का असर बना हुआ है। सोमवार को कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई, जबकि सागर, श्योपुर और दमोह में ओले गिरे। मौसम में बदलाव के चलते अधिकतम तापमान में 1 से 9 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई, जिससे गर्मी से राहत मिली है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक दमोह में 11 मिमी, श्योपुर में 9 मिमी और सागर में 8.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे पहले रविवार-सोमवार की रात सीधी, अनूपपुर और नीमच में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। विदिशा, राजगढ़ और रीवा सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ीं।
मौसम में गिरावट देखने को मिली
बारिश के कारण पूर्वी मध्यप्रदेश में दिन के तापमान में 1 से 8.9 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई है। यहां अधिकतम तापमान 33.8 से 40 डिग्री के बीच रहा, जो दो दिन पहले 43 डिग्री से अधिक था। वहीं पश्चिमी जिलों में गर्मी का असर अभी भी जारी है—रायसेन में 44.0 डिग्री, खरगोन में 43.0 और खंडवा में 42.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
एक साथ कई सिस्टम सक्रिय
पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर हवा का चक्रवाती घेरा बना हुआ है। उत्तर-दक्षिण गर्त द्रोणी विदर्भ से तमिलनाडु तक फैली है। हरियाणा के ऊपर भी एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसका असर राजस्थान और गुजरात तक देखा जा रहा है। इसके साथ ही एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है, जो वातावरण में नमी ला रहा है।
आज इन जिलों में चेतावनी
ऑरेंज अलर्ट: सिंगरौली, सीधी, शहडोल, उमरिया, कटनी और जबलपुर में तेज आंधी और बारिश की संभावना है।
येलो अलर्ट: भोपाल, ग्वालियर, रीवा, सागर, छतरपुर और नर्मदापुरम सहित 30 से ज्यादा जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
प्रदेश के चार बड़े शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
भोपाल: अधिकतम 40.4, न्यूनतम 25.6
इंदौर: अधिकतम 38.2, न्यूनतम 25.5
ग्वालियर: अधिकतम 34.8, न्यूनतम 24.0
जबलपुर: अधिकतम 40.0, न्यूनतम 24.5