प्रदेश में मौसम का रुख तेजी से बदल रहा है। पिछले 24 घंटों में सागर संभाग के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई, जबकि नर्मदापुरम, ग्वालियर, चंबल, जबलपुर और शहडोल संभाग के कुछ जिलों में हल्की वर्षा हुई। अन्य क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहा। तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ, लेकिन नमी बढ़ने से गर्मी का असर महसूस हो रहा है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
अधिकतम तापमान रायसेन में 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। वहीं न्यूनतम तापमान पचमढ़ी में 16.8 डिग्री दर्ज हुआ।कई संभागों में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 से 3.3 डिग्री तक कम रहा, जबकि कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई। इससे दिन में गर्मी बरकरार है, लेकिन रात में हल्की राहत मिल रही है।
आंधी और बारिश को लेकर चेतावनी
मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। दतिया, भिंड, रीवा, छतरपुर और टीकमगढ़ में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
वहीं भोपाल, विदिशा, रायसेन और सीहोर समेत कई जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी के साथ गरज-चमक और बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
किसानों और आम लोगों के लिए एडवाइजरी
मौसम को देखते हुए किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। तेज आंधी और बिजली गिरने की स्थिति में घर के अंदर रहने और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की हिदायत दी गई है।
किसानों को खड़ी फसलों को सहारा देने और कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है। साथ ही खुले में रखे अनाज और सब्जियों को ढककर रखने को कहा गया है।
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग भोपाल केंद्र के अनुसार अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है, इसके बाद फिर धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहने और दोपहर या शाम के समय हल्की बारिश के आसार हैं।हवा की गति 14 से 16 किमी प्रति घंटा रहने की संभावना है, जिससे मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।