भोपाल | पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव नतीजों में भाजपा को पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में बड़ी सफलता मिली है, लेकिन मध्य प्रदेश के लिए चुनावी नतीजों में एक झटका भी सामने आया है। एमपी कोटे से राज्यसभा के दो सांसद- केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन और जॉर्ज कुरियन-दक्षिण भारत के विधानसभा चुनावों में हार गए।
केरल में जॉर्ज कुरियन तीसरे नंबर पर खिसके
मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन को भाजपा ने केरल की कांजीरापल्ली सीट से मैदान में उतारा था। ईसाई बहुल इस सीट पर उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन वे मुख्य मुकाबले से बाहर रहे और तीसरे स्थान पर सिमट गए। उन्हें करीब 26,984 वोट मिले।
LDF-UDF की सीधी लड़ाई में BJP पिछड़ी
कांजीरापल्ली में मुकाबला मुख्य रूप से LDF और UDF के बीच रहा। कांग्रेस उम्मीदवार रोनी के. बेबी ने बड़ी जीत दर्ज की, जबकि भाजपा के बड़े चेहरे जॉर्ज कुरियन कोई प्रभाव नहीं छोड़ सके।
कांजीरापल्ली विधानसभा परिणाम
- विजेता: रोनी के. बेबी (कांग्रेस) – 56,646 वोट
- दूसरा स्थान: डॉ. एन. जयराज (केरल कांग्रेस-एम) – 50,874 वोट
- तीसरा स्थान: जॉर्ज कुरियन (BJP) – 26,984 वोट
- हार का अंतर: 29,662 वोट
तमिलनाडु में एल. मुरुगन को झटका
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री और एमपी से राज्यसभा सांसद एल. मुरुगन क़ो तमिलनाडु की (SC) सीट अविनाशी से चुनाव मैदान में थे,तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष होने के कारण यह चुनाव उनकी साख से जुड़ा माना जा रहा था, लेकिन वे जीत दर्ज नहीं कर सके।
अभिनेता विजय की पार्टी के उम्मीदवार से हार
अविनाशी सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय रहा। अभिनेता की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने बड़ा उलटफेर किया। TVK उम्मीदवार कमाली एस. ने जीत दर्ज की, जबकि एल. मुरुगन दूसरे स्थान पर रहे। क्षेत्रीय अस्मिता और DMK गठबंधन की लहर के आगे भाजपा का प्रचार असर नहीं दिखा सका।
अविनाशी (SC) विधानसभा परिणाम
- विजेता: कमाली एस. (TVK) – 84,209 वोट
- दूसरा स्थान: एल. मुरुगन (BJP) – 68,836 वोट
- तीसरा स्थान: DMK उम्मीदवार डॉ. गोकिलामनी वी. – 65,530 वोट
- हार का अंतर: 15,373 वोट
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने किया था प्रचार
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तमिलनाडु में अविनाशी सीट पर एल. मुरुगन के समर्थन में चुनाव प्रचार भी किया था, लेकिन उसका अपेक्षित राजनीतिक लाभ नहीं मिल सका।
कौन हैं एल. मुरुगन
एल. मुरुगन तमिलनाडु में भाजपा का प्रमुख दलित चेहरा माने जाते हैं। वे RSS और ABVP से जुड़े रहे हैं और मद्रास हाई कोर्ट में वकालत कर चुके हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने ‘वेल यात्रा’ निकालकर राज्य में पार्टी की हिंदुत्व आधारित पहचान मजबूत की थी।
कौन हैं जॉर्ज कुरियन
जॉर्ज कुरियन केरल में भाजपा के पुराने नेताओं में शामिल हैं। वे ईसाई समुदाय में पार्टी की पैठ बढ़ाने वाले चेहरा माने जाते हैं और राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। भाजपा ने उन्हें केरल में ईसाई वोटों के ध्रुवीकरण की रणनीति के तहत मैदान में उतारा था, लेकिन परिणाम पक्ष में नहीं आए।