मुर्शिदाबाद/बहरामपुर: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के तुरंत बाद मुर्शिदाबाद जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मतगणना खत्म होने के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने मुर्शिदाबाद से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद अबू ताहिर खान के भांजे और नवादा ब्लॉक के टीएमसी अध्यक्ष सफीउज्जमां शेख उर्फ हबीब को गिरफ्तार कर लिया है।
चुनाव के दिन हिंसा का मामला
यह मामला 23 अप्रैल को हुए पहले चरण के मतदान से जुड़ा है। आरोप है कि मतदान के दिन नवादा में आम जनता विकास पार्टी के नेता और नवनिर्वाचित विधायक हुमायूं कबीर और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसक झड़प में हबीब ने मुख्य भूमिका निभाई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हबीब पर चुनावी प्रक्रिया में बाधा डालने, गुंडागर्दी करने और इलाके में डर का माहौल बनाने के कई पुराने मामले भी दर्ज हैं। सोमवार देर रात पुलिस ने उनके घर पर छापेमारी की और पूछताछ में बयानों में विसंगति पाए जाने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
सांसद ने बताया 'राजनीतिक प्रतिशोध'
इस गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए टीएमसी सांसद अबू ताहिर खान ने इसे चुनाव आयोग और प्रशासन की 'राजनीतिक प्रतिशोध' की कार्रवाई बताया है। उन्होंने कहा, "हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और हम इस लड़ाई को कानूनी और राजनीतिक रूप से लड़ेंगे।"
विरोधियों का पलटवार
वहीं, नवादा के विजेता प्रत्याशी हुमायूं कबीर ने तंज कसते हुए कहा कि प्रशासन के निष्पक्ष होने पर क्या परिणाम होते हैं, यह अब हबीब को पता चलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि हबीब अपने सांसद मामा के संरक्षण में इलाके में आतंक मचा रहा था।बेलडांगा के एसडीपीओ आनंदजीत होड़ ने पुष्टि की है कि हबीब को मंगलवार को बहरामपुर जिला अदालत में पेश किया जाएगा। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अदालत परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।