पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन में जनसुनवाई के दौरान प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। आमजन ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक सहायता से जुड़े मुद्दे मुख्यमंत्री के सामने रखे, जिन पर उन्होंने गंभीरता से संज्ञान लिया।
मौके पर ही समाधान, अधिकारियों को सख्त निर्देश
जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने कई मामलों का तुरंत निपटारा किया। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
‘जनसुनवाई औपचारिकता नहीं, जिम्मेदारी है’
सीएम धामी ने कहा कि जनसुनवाई केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि शासन-प्रशासन को जवाबदेह, पारदर्शी और संवेदनशील बनाना ही सरकार की प्राथमिकता है।
फिल्म नीति को मिली सराहना
इस दौरान उत्तराखंड फिल्म टेलीविजन एंड रेडियो एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर नई फिल्म नीति के लिए अभिनंदन पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि इस नीति से राज्य फिल्म निर्माण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और स्थानीय युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं।
छात्राओं के पोस्टर बने आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम में एक भावुक क्षण तब आया जब विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने राज्य सरकार की योजनाओं पर आधारित रचनात्मक पोस्टर प्रस्तुत किए। इन पोस्टरों में दिखाया गया कि सरकारी योजनाएं किस तरह आम लोगों के जीवन में बदलाव ला रही हैं।
सीएम ने की छात्राओं की सराहना
मुख्यमंत्री ने छात्राओं की पहल की सराहना करते हुए कहा कि जब बच्चे समाज और शासन से जुड़े विषयों को समझकर रचनात्मक रूप देते हैं, तो यह किसी भी सरकार के लिए गर्व की बात होती है। उन्होंने शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और युवा विकास को सरकार की प्राथमिकता बताया।