दुल्हादेपुर कुटी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए CM योगी ने कहा कि बाराबंकी केवल ऐतिहासिक ही नहीं, बल्कि पौराणिक और सांस्कृतिक रूप से भी अत्यंत समृद्ध जनपद है। यह भगवान विष्णु के वाराह अवतार की धरती है, जहां लोधेश्वर महादेवा जैसा पवित्र धाम स्थित है। इसके साथ ही उन्होंने इस दौरान घोषणा की है कि काशी की तर्ज पर लोधेश्वर महादेवा कारिडोर का निर्माण किया जाएगा, जिससे जिले की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और सशक्त होगी।
बाराबंकी ने देश को केडी सिंह बाबू जैसे रत्न दिए हैं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, बाराबंकी ने देश को हॉकी के महान खिलाड़ी केडी सिंह बाबू जैसे रत्न दिए हैं। उनकी ऐतिहासिक हवेली बिकने से बचाई गई है और अब वहां भव्य स्मारक का निर्माण कराया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान से प्रेरणा ले सकें। यूपी के मुखिया ने कहा कि 84 कोसी परिक्रमा का एक बड़ा भाग बाराबंकी से होकर गुजरेगा, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार की नई संभावनाएं सृजित होंगी।
बाराबंकी का पौराणिक अतीत गौरवशाली रहा है
मुख्यमंत्री योगी ने अपने इस संबोधन में आगे कहा कि, बाराबंकी का पौराणिक अतीत गौरवशाली रहा है, वर्तमान भी विकास की नई गाथा लिख रहा है और भविष्य को और अधिक स्वर्णिम बनाने का कार्य सरकार कर रही है। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि 500 वर्षों बाद वह ऐतिहासिक क्षण आया, जब रामलला भव्य और दिव्य धाम में विराजमान हुए।
कयामत तक बाबरी ढांचे का पुनर्निर्माण नहीं होगा
बाबरी ढांचे के पुनर्निर्माण का सपना देखने वालों को आड़े हाथ लेते हुए यूपी के सीएम योगी ने कहा कि, ऐसा सपना देखने वाले सिर्फ सपना ही देखते रहेंगे, कयामत का वह दिन कभी नहीं आएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि संकट के समय भगवान राम को याद करने वाले लोग आज उन्हें भूल चुके हैं, लेकिन रामद्रोही और रामकाज में बाधा डालने वालों को देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।
Comments (0)