पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नंदीग्राम, महिषादल और हल्दिया विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों ने हल्दिया एसडीओ कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
नंदीग्राम विधानसभा सीट (210) से भाजपा प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी, हल्दिया (209) से प्रदीप कुमार बिजौली और महिषादल (208) से सुभाष पंजा ने आधिकारिक तौर पर चुनावी मैदान में अपनी दावेदारी पेश की।
नंदीग्राम में पूजा के बाद नामांकन
नंदीग्राम से प्रत्याशी और पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने नामांकन से पहले रेयापाड़ा स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने समर्थकों के साथ रैली निकालते हुए नामांकन दाखिल किया।
बड़े नेताओं की मौजूदगी
इस मौके पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और पश्चिम बंगाल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व सांसद दिलीप घोष समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। उनके साथ राज्य और जिला स्तर के नेताओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
रैली में दिखा जनसैलाब
नामांकन के दौरान आयोजित रैली और रोड शो में भारी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। सड़कों पर उमड़ी भीड़ ने भाजपा के पक्ष में मजबूत जनसमर्थन का संदेश दिया।
चुनावी माहौल हुआ गर्म
इन तीन महत्वपूर्ण सीटों पर भाजपा के प्रत्याशियों के नामांकन के साथ ही पूर्वी मेदिनीपुर जिले में चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। खासकर नंदीग्राम सीट पर एक बार फिर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, जहां से शुभेंदु अधिकारी मैदान में हैं।