हरिद्वार: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अब प्रदेश में न कर्फ्यू है, न दंगा और न ही अराजकता। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार में उत्तर प्रदेश पूरी तरह से बदल चुका है और आज यूपी में सब चंगा है।
सपा की पूर्व सरकार पर सीएम योगी का तंज
हरिद्वार में स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी महाराज के श्री विग्रह मूर्ति स्थापना समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि एक समय ऐसा था जब उत्तर प्रदेश में विरासत का अपमान किया जाता था और राम भक्तों पर गोलियां चलाई जाती थीं। उस दौर में प्रदेश अराजकता, लूट और दंगों का केंद्र बन गया था।
आज व्यापारी निडर होकर काम कर रहे हैं
सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का सम्मान किया, जिसका सकारात्मक असर कानून-व्यवस्था पर पड़ा। उन्होंने कहा कि आज बेटियां सुरक्षित हैं, व्यापारी निडर होकर काम कर रहे हैं और उत्तर प्रदेश विकास के नए पथ पर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि उत्तर प्रदेश आज देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है, जो बेहतर कानून-व्यवस्था और सुशासन का परिणाम है।
आश्रम व्यवस्था से मुझे प्रशासन का ज्ञान मिला
अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आश्रम व्यवस्था से उन्हें प्रशासन और प्रबंधन का वास्तविक ज्ञान मिला है। उन्होंने कहा कि यह अनुभव एमबीए की पढ़ाई से भी कहीं अधिक व्यावहारिक और प्रभावी है। सीएम योगी के इस बयान को राज्य में कानून-व्यवस्था और विकास को लेकर सरकार के दावों के तौर पर देखा जा रहा है।
Comments (0)