हरिद्वार में चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ यात्रा को सुचारु एवं सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर भीमगोड़ा और खड़खड़ी क्षेत्रों में लगातार दूसरे दिन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
उप जिलाधिकारी के नेतृत्व में अभियान
उप जिलाधिकारी एवं नगर मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाते हुए करीब 150 अतिक्रमण हटाए। प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मचा रहा।
अभियान के दौरान सड़क किनारे लगाए गए अवैध ठेले दुकानों के बाहर किए गए कब्जे और यात्रा मार्ग में बाधा बनने वाले सामान को हटाया गया। प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई
इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की गई। घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते पाए जाने पर 5 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। वहीं गंदगी फैलाने और साफ-सफाई के नियमों का पालन न करने पर 10 दुकानदारों के चालान काटे गए।
प्रशासन ने साफ किया है कि चारधाम यात्रा और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यात्रा मार्गों को पूरी तरह साफ सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जाएगा। इसके लिए आने वाले दिनों में भी अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा।