छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टी-2 स्थित अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन पर बुधवार शाम करीब 4:10 बजे आग लगने की घटना सामने आई। अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्टेशन को खाली कराया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
मेट्रो सेवाएं कुछ समय के लिए प्रभावित
आग लगने के चलते मुंबई मेट्रो लाइन 3 के अंडरग्राउंड कॉरिडोर में आरे JVLR से कफ परेड के बीच सेवाएं कुछ समय के लिए प्रभावित रहीं। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, आग मेट्रो स्टेशन के टेक्निकल रूम में लगी थी, हालांकि इसके कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
धुएं से भरा स्टेशन, रेस्क्यू में लगी टीम
आग के बाद पूरे अंडरग्राउंड स्टेशन परिसर में धुआं फैल गया, जिससे राहत और बचाव कार्य में दमकलकर्मियों को ब्रीदिंग उपकरणों का उपयोग करना पड़ा।
MMRCL ने बताया मामूली घटना
मुंबई मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड ने इस घटना को धुएं की मामूली घटना बताया है। संस्था के अनुसार, मौके पर मौजूद टीम ने तुरंत स्थिति पर काबू पा लिया और हालात को नियंत्रित कर लिया गया।