कुंभ 2027 को दिव्य और भव्य स्वरूप देने के उद्देश्य से उत्तराखंड सरकार द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं लगातार कुंभ से जुड़े कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। इसी क्रम में शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा हरिद्वार पहुंचे जहां उन्होंने मेल कंट्रोल भवन में कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक की।
अधिकारियों ने मंत्री को दिया अपडेट
बैठक में मेला अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि कुंभ मेले से जुड़े चल रहे कार्यों में लगभग 60 से 70 प्रतिशत कार्य पूरे हो चुके हैं। शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।
कुंभ भव्य बनाने का सरकार का लक्ष्य
समीक्षा बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने जानकारी देते हुए कहा कि अधिकारियों द्वारा दिए गए प्रगति रिपोर्ट के अनुसार अधिकांश कार्य प्रगति पर हैं और सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर पूर्ण कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कुंभ 2027 को विश्व स्तर पर भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन के रूप में प्रस्तुत किया जाए।
मंत्री ने आगे कहा कि उत्तराखंड सरकार लगातार कुंभ से जुड़े कार्यों की समीक्षा कर रही है और किसी भी प्रकार की देरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि सभी स्थायी प्रकृति के कार्य अक्टूबर माह तक पूर्ण कर लिए जाएंगे ताकि आयोजन से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हो सकें।