डोईवाला क्षेत्र के लच्छीवाला स्थित नेचर पार्क आगामी 1 अप्रैल से 15 जून 2026 तक वाइल्ड समर फेस्टिवल की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रकृति के साथ जिए के मुख्य संदेश के साथ आयोजित होने वाला यह उत्सव पर्यटकों और स्थानीय निवासियों विशेषकर बच्चों को कुदरत के करीब लाने का एक अनूठा प्रयास है।
रोमांच के शौकीनों के लिए खास
लच्छीवाला वन क्षेत्राधिकार मेघावी कीर्ति ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार का समर फेस्टिवल प्रकृति प्रेमियों और रोमांच के शौकीनों के लिए बेहद खास होने वाला है। उत्सव को इस तरह डिजाइन किया गया है कि इसमें हर आयु वर्ग के लोगों के लिए कुछ न कुछ विशेष आकर्षण मौजूद रहेगा। उन्होंने बताया कि फेस्टिवल के दौरान बच्चों के लिए विभिन्न रचनात्मक और शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी जिससे वे खेल-खेल में प्रकृति और पर्यावरण के महत्व को समझ सकें। वहीं युवाओं और पर्यटकों के लिए एडवेंचर एक्टिविटीज नेचर वॉक बर्ड वॉचिंग और अन्य रोमांचक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
प्रकृति की सुंदरता से महसूस
इस समर कार्निवल का मुख्य उद्देश्य लोगों को व्यस्त जीवनशैली से दूर निकालकर प्राकृतिक वातावरण से जोड़ना है ताकि वे प्रकृति की सुंदरता को करीब से महसूस कर सकें। इसके साथ ही स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने और क्षेत्र की जैव विविधता के प्रति जागरूकता फैलाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। वन विभाग द्वारा फेस्टिवल के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा स्वच्छता और आगंतुकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है ताकि आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। गर्मी के इस मौसम में लच्छीवाला नेचर पार्क का वाइल्ड समर फेस्टिवल लोगों के लिए मनोरंजन शिक्षा और प्रकृति के साथ जुड़ाव का एक बेहतरीन अवसर साबित होने जा रहा है।