हरिद्वार जिले के लक्सर कोतवाली क्षेत्र में फायरिंग केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सत्संगी बाबा मंगत दास उर्फ सागर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर डॉक्टर सुमित और उनके साथियों पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। पुलिस ने उसके कब्जे से 32 बोर की पिस्तौल भी बरामद की है।
डॉक्टर सुमित पर हमला
घटना 27 अप्रैल की बताई जा रही है जब डॉक्टर सुमित अपनी कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी थी। इससे पहले 14 अप्रैल को भी इसी तरह की एक और फायरिंग की घटना सामने आई थी जिससे इलाके में दहशत का माहौल था।
आरोपी की डॉक्टर के साले से पुरानी रंजिश
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी की डॉक्टर के साले से पुरानी रंजिश चल रही थी। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद और बहन के रिश्ते के टूटने से नाराज होकर आरोपी ने बदला लेने की योजना बनाई और अपने एक साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे अदालत में पेश करने की तैयारी की जा रही है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।