लक्सर शिक्षा विभाग में उस समय हड़कंप मच गया जब जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश पर एक साथ 9 शिक्षकों की सेवाएं समाप्त कर दी गईं। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई उच्च न्यायालय के आदेश के बाद की गई है। जिन शिक्षकों को हटाया गया है उनमें उर्दू और प्राइमरी शिक्षक शामिल हैं।
शिक्षकों की नियुक्तियों को लेकर याचिका
लक्सर में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 शिक्षकों को बर्खास्त कर दिया है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई है। खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इन शिक्षकों की नियुक्तियों को लेकर न्यायालय में याचिका दायर की गई थी। मामले की जांच के बाद नियुक्तियों में अनियमितताएं सामने आईं जिसके आधार पर न्यायालय के निर्देश पर इनकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं।
शिक्षकों में 5 उर्दू शिक्षक
बताया जा रहा है कि बर्खास्त किए गए शिक्षकों में 5 उर्दू शिक्षक और 4 प्राइमरी शिक्षक शामिल हैं। इनमें से कई शिक्षकों ने जम्मू से शिक्षा प्राप्त की थी और बाद में हरिद्वार जिले में नियुक्ति के लिए आवेदन किया था। जांच में यह भी सामने आया कि स्नातकोत्तर स्तर पर इन शिक्षकों के अंक निर्धारित मानकों से कम थे जिसके चलते उनकी नियुक्तियां नियमों के अनुरूप नहीं पाई गईं। फिलहाल सभी की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद जिले में चर्चाओं का माहौल है वहीं विभाग अब अन्य नियुक्तियों की भी जांच की बात कह रहा है।