भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार 26 मई 2026 को अपने 12 वर्ष पूरे कर 13वें वर्ष में प्रवेश करने जा रही है। इस मौके को खास बनाने के लिए भाजपा और एनडीए शासित राज्यों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। मध्य प्रदेश में सरकार भी केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ ही प्रदेश स्तर पर नई सौगातों की तैयारी कर रही है।
केंद्र की योजनाओं के प्रचार का बनेगा रोडमैप
सूत्रों के मुताबिक, मोहन सरकार इस अवसर पर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को प्रदेश की जनता के सामने प्रभावी तरीके से रखने का रोडमैप तैयार कर रही है। इसके तहत गांव-गांव और शहर-शहर तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर फोकस रहेगा।
जनहित योजनाओं के विस्तार के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे जनहित से जुड़ी योजनाओं का विस्तृत खाका तैयार करें और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की योजना बनाएं।
सरकार के फोकस में खासतौर पर
किसान,आदिवासी वर्ग,महिलाएं रहेंगे।
ढाई साल पूरे होने पर भी सरकार का विशेष फोकस
मई माह में मोहन सरकार के ढाई साल पूरे हो रहे हैं। ऐसे में सरकार इस अवधि को राजनीतिक और प्रशासनिक रूप से महत्वपूर्ण मान रही है। माना जा रहा है कि इसी अवसर पर कुछ नई घोषणाएं और योजनाएं सामने आ सकती हैं।
जनता को मिल सकती हैं ये संभावित सौगातें
सरकारी स्तर पर जिन प्रस्तावों पर चर्चा चल रही है, उनमें शामिल हैं—
दुग्ध उत्पादकों को मिलने वाले लाभों का दायरा बढ़ाना
आदिवासियों को जमीन के मालिकाना हक की प्रक्रिया में तेजी
सड़क, सिंचाई और बिजली से वंचित क्षेत्रों के लिए नई योजनाएं
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए विशेष कार्यक्रम
लघु उद्योगों की स्थापना पर अतिरिक्त छूट
कृषि आधारित उद्योगों से किसानों और उनके परिवारों को जोड़ने की पहल
मंत्रियों के कामकाज की होगी समीक्षा
इधर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी मंत्रियों के कामकाज की विभागवार समीक्षा बैठकें बुलाने के निर्देश दिए हैं। ये बैठकें 8 से 10 मई के बीच आयोजित होंगी।
भोपाल में राजनीतिक हलचल तेज
हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दिल्ली दौरे और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात के बाद भोपाल के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। निगम-मंडलों में नियुक्तियों और संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी चर्चाओं का दौर जारी है।