अगर आपका खाता भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में है, तो अपने जरूरी बैंकिंग काम समय रहते निपटा लें। दरअसल, SBI के कर्मचारी 25 और 26 मई को दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर रहेंगे। कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर यह प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
देशभर में हड़ताल करेंगे SBI कर्मचारी
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया अवॉर्ड स्टाफ एम्प्लाइज यूनियन के बैनर तले कर्मचारी हड़ताल करेंगे। यह हड़ताल राष्ट्रीय स्तर पर ऑल इंडिया स्टेट बैंक स्टाफ फेडरेशन द्वारा घोषित की गई है।
हड़ताल के दौरान शाखाओं में कामकाज प्रभावित हो सकता है। नकद जमा-निकासी, चेक क्लियरेंस, पासबुक अपडेट और अन्य बैंकिंग सेवाओं में ग्राहकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
- SBI कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। उनकी प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं—
- चतुर्थ श्रेणी (मेसेंजर) के खाली पदों पर तुरंत स्थायी भर्ती की जाए
- बैंक शाखाओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त आर्म्ड गार्ड्स नियुक्त किए जाएं
- नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) के कर्मचारियों को पेंशन फंड मैनेजर चुनने की स्वतंत्रता मिले
- 2019 के बाद भर्ती कर्मचारियों को दूसरे सर्कल में ट्रांसफर का अवसर दिया जाए
- स्थायी प्रकृति के कार्यों को बाहरी एजेंसियों को देने की प्रक्रिया बंद की जाए
ग्राहकों को दी गई सलाह
बैंक कर्मचारियों की हड़ताल को देखते हुए ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे अपने जरूरी बैंकिंग कार्य पहले ही निपटा लें। हालांकि, डिजिटल बैंकिंग सेवाएं जैसे UPI, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग सामान्य रूप से जारी रहने की संभावना है।