चेन्नई। विजय के तमिलनाडु का अगला मुख्यमंत्री बनने की संभावनाएं मजबूत हो गई हैं। उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) को कांग्रेस के बाद अब CPI और CPI(M) ने भी समर्थन देने का ऐलान किया है। वहीं सूत्रों के अनुसार विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK) भी विजय के समर्थन में आने को तैयार है।
TVK को कांग्रेस के बाद CPI और CPI(M) का समर्थन
विधानसभा चुनाव में TVK ने 108 सीटों पर जीत दर्ज की है। विजय खुद दो सीटों से चुनाव जीते हैं, ऐसे में उन्हें एक सीट छोड़नी होगी। सरकार बनाने के लिए पार्टी को बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने हेतु 11 और विधायकों की जरूरत थी।
कांग्रेस के 5 विधायक पहले ही TVK को समर्थन दे चुके हैं। वहीं CPI, CPI(M) और VCK के पास 2-2 विधायक हैं। इस तरह TVK को कुल 118 विधायकों का समर्थन मिलने का दावा किया जा रहा है, जो सरकार गठन के लिए जरूरी संख्या मानी जा रही है।
इस बीच TVK प्रमुख विजय ने लगातार तीसरे दिन राजेंद्र आर्लेकर से मुलाकात के लिए समय मांगा है। इससे पहले भी वे 6 और 7 मई को राज्यपाल से मुलाकात कर चुके हैं।
बताया जा रहा है कि 6 मई को विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया था, लेकिन उस समय उनके पास 113 विधायकों का समर्थन था। इसके बाद 7 मई को राज्यपाल ने उनसे 118 विधायकों का समर्थन पत्र प्रस्तुत करने को कहा था। अब समर्थन संख्या पूरी होने के बाद जल्द ही सरकार गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है।