उत्तरप्रदेश के मथुरा जिले में शुक्रवार को यमुना नदी में बड़ा हादसा हो गया। श्रद्धालुओं और पर्यटकों से भरी एक नाव के पलट जाने से अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 5 लोग अभी भी लापता हैं। प्रशासन और बचाव दल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
नाव में 37 लोग सवार थे
जिलाधिकारी ने बताया कि यह हादसा केसी घाट के पास हुआ, जहां तेज हवाओं के कारण नाव अनियंत्रित होकर एक पोंटून से टकरा गई और पलट गई। बताया जा रहा है कि नाव में 37 लोग सवार थे, जिनमें से अब तक 15 लोगों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। एसडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन सेवा, नागरिक सुरक्षा और सेना की टीमों के साथ स्थानीय गोताखोर भी राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज हवाओं के कारण नाव बीच नदी में डगमगाने लगी और एक पुल से टकराकर पलट गई। बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु पंजाब के लुधियाना और अन्य शहरों से आए एक बड़े तीर्थयात्रा समूह का हिस्सा थे।
मथुरा नाव हादसा पर सीएम योगी ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे की घोषणा के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं।प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं।