केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। वे रायसेन में आयोजित “उन्नत कृषि महोत्सव 2026” में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 10:45 बजे भोपाल पहुंचेंगे और इसके बाद रायसेन के दशहरा मैदान में मुख्य कार्यक्रम में भाग लेंगे।
तीन दिन चलेगा महोत्सव
यह महोत्सव 11 अप्रैल से शुरू होकर 13 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान उन्नत और आधुनिक कृषि तकनीकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे किसानों को नई जानकारी और कौशल प्राप्त हो सके।
विशेषज्ञ देंगे प्रशिक्षण
महोत्सव में देशभर के प्रमुख वैज्ञानिक और कृषि विशेषज्ञ शामिल होंगे, जो किसानों को आधुनिक खेती, नई तकनीकों और बेहतर उत्पादन के तरीकों की जानकारी देंगे।
20 सत्रों में होगी चर्चा
इस आयोजन में कुल 20 सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें कृषि में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग, मशीनीकरण, क्षेत्र विस्तार, इंटीग्रेटेड फारिंग, कृषि वानिकी समेत कई अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।
नितिन गडकरी भी होंगे शामिल
महोत्सव के अंतिम दिन 13 अप्रैल को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
शिवराज सिंह चौहान की पहल
इस राष्ट्रीय स्तर के महोत्सव का आयोजन केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर किया जा रहा है। यह मंच किसानों को बेहतर बीज, आधुनिक मशीनरी और बाजार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने में मददगार साबित होगा।