रायपुर - छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में निजी स्कूलों द्वारा की जा रही मनमानी को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि, राज्य में ऐसी किसी भी प्रवृत्ति को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अभिभावकों को चिंता करने की जरूरत नहीं है।
शिकायत मिलने पर कठोर कार्रवाई होगी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने बयान में आगे चेतावनी देते हुए कहा कि, यदि किसी निजी स्कूल के खिलाफ शिकायत प्राप्त होती है और जांच में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित संस्थान के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभिभावकों पर किसी प्रकार का अनावश्यक दबाव या अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना पूरी तरह अस्वीकार्य है।
सरकार इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है
राज्य के मुखिया विष्णुदेव साय ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है। सीएम साय ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, संतुलन और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का यह सख्त रुख उन अभिभावकों के लिए राहत भरा माना जा रहा है, जो लंबे समय से निजी स्कूलों की फीस वृद्धि और अन्य मनमानी को लेकर परेशान थे। अब उम्मीद की जा रही है कि इस कदम से शिक्षा क्षेत्र में अनुशासन और पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा।