असम के श्रीभूमि जिले में करीमगंज (उत्तर) विधानसभा क्षेत्र के 239-बेबीलैंड हाई इंग्लिश स्कूल मतदान केंद्र पर आज दोबारा मतदान कराया जा रहा है। यह मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। यह फैसला बीजेपी और कांग्रेस समर्थकों के बीच हुई झड़पों के बाद लिया गया है। इस सीट से कुल 14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
बंगाल में पीएम मोदी की तीन रैलियां
वहीं पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे। वे दोपहर 12 बजे कटवा में पहली रैली करेंगे, इसके बाद 1:45 बजे जंगीपुर और फिर 3:45 बजे दक्षिण दिनाजपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे।
मुर्शिदाबाद हिंसा पीड़ित परिवार से करेंगे मुलाकात
प्रधानमंत्री मोदी मुर्शिदाबाद हिंसा में मारे गए चंदन दास के परिवार से भी मुलाकात करेंगे। यह घटना 12 अप्रैल 2025 को वक्फ संशोधन अधिनियम के विरोध के दौरान हुई हिंसा में सामने आई थी, जिसमें चंदन दास और उनके पिता हरगोविंद दास की हत्या कर दी गई थी। भीड़ ने जंगीपुर के जाफराबाद स्थित उनके घर में घुसकर दोनों की हत्या कर दी थी।