उत्तरप्रदेश में 166 दिनों तक चली विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। इस सूची के अनुसार राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 है। इनमें 54.54 प्रतिशत पुरुष और 45.46 प्रतिशत महिला मतदाता शामिल हैं।
इससे पहले 27 अक्टूबर 2025 को फ्रीज की गई मतदाता सूची में कुल 15.44 करोड़ मतदाता थे। SIR प्रक्रिया के दौरान लगभग 2.05 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हट गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी।
पुरुष मतदाताओं की संख्या 7 करोड़ 30 लाख 71 हजार 61
अंतिम सूची के अनुसार राज्य में पुरुष मतदाताओं की संख्या 7 करोड़ 30 लाख 71 हजार 61 है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 6 करोड़ 9 लाख 9 हजार 525 है। वहीं तृतीय लिंग के 4 हजार 206 मतदाता शामिल हैं। 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 17 लाख 63 हजार 360 युवा मतदाता सूची में दर्ज हैं।
लखनऊ, बरेली, गाजियाबाद और जौनपुर में भी बड़ी संख्या में मतदाता जुड़े
निर्वाचन अधिकारी के अनुसार 6 जनवरी को जारी ड्राफ्ट सूची के मुकाबले अंतिम सूची में 84 लाख 28 हजार 767 मतदाताओं की वृद्धि भी दर्ज की गई है। जिन लोगों के नाम सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं।जिलों की बात करें तो प्रयागराज में सर्वाधिक 3 लाख 29 हजार 421 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। इसके बाद लखनऊ, बरेली, गाजियाबाद और जौनपुर में भी बड़ी संख्या में मतदाता जुड़े हैं।
6 जनवरी को जारी ड्राफ्ट सूची में 12.55 करोड़ मतदाता थे
6 जनवरी को जारी ड्राफ्ट सूची में 12.55 करोड़ मतदाता थे। इसके बाद दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया में लाखों लोगों ने आवेदन किए। 86.69 लाख लोगों ने नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरा, जबकि 3.18 लाख लोगों ने नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 भरा। कई मतदाताओं के दस्तावेजों में विसंगति पाए जाने पर नोटिस भी जारी किए गए थे।