मेरठ में 6 महीने से लापता तोता 'किट्टू' आखिरकार अपने घर लौट आया। परिवार में खुशी का माहौल है। परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों ने मिलकर केक काटा और रेस्टोरेंट में जश्न मनाया।
तोते के मालिक ने बताई खास बात
तोते के मालिक अरशद ने बताया कि 27 मार्च को वह पियानो बजा रहे थे। तभी पियानो की आवाज सुनकर किट्टू वापस घर आ गया और उनके कंधे पर बैठ गया।
किट्टू 27 सितंबर, 2025 को लापता हुआ था। अरशद ने उसे खोजने के लिए इलाके में पोस्टर लगवाए और उसे ढूंढने वाले को 5 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा भी की थी। इसके बावजूद तोते का कोई सुराग नहीं मिला था।
अरशद ने बताया, मेरे पास अंग्रेजों के जमाने का पियानो है। जब किट्टू हमारे पास होता था, वह भी पियानो के पास रहता और बजाने के दौरान साथ खेलता था। 27 मार्च को पियानो बजाते समय ही किट्टू वापस लौट आया और मेरे कंधे पर बैठ गया।
परिवार में खुशी का माहौल
अरशद ने कहा, किट्टू के लौटने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। जब वह लापता था, ऐसा लगता था कि परिवार का एक सदस्य कम हो गया है। अब किट्टू वापस आने के बाद परिवार फिर से पूरा लग रहा है।
किट्टू के साथ परिवार का रिश्ता
अरशद मेरठ के शाहपीर गेट क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहते हैं और ऑटो गैराज का काम करते हैं। उन्होंने साढ़े तीन साल पहले किट्टू को अपनाया था। अरशद ने बताया कि तोता पहले उनके आंगन में आया था और उड़ना नहीं जानता था। तब से किट्टू परिवार का हिस्सा बन गया। बच्चों ने भी उसकी खूब देखभाल की।
अरशद ने आगे बताया, मैं अपने वर्कशॉप में कुर्सी पर बैठा था और किट्टू पास में खेल रहा था। इसी दौरान वह बाहर की तरफ उड़ गया। पहले लगा थोड़ी देर में लौट आएगा, लेकिन वह गायब हो गया।