गर्मी की शुरुआत के बीच देशभर में मौसम ने अचानक रुख बदल लिया है। दिल्ली, पंजाब समेत 11 राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। कई इलाकों में आंधी और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। मध्य प्रदेश में शुक्रवार को 36 जिलों में बारिश दर्ज की गई। आज कई क्षेत्रों में ओले गिरने की संभावना है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण पिछले 4 दिनों से मौसम खराब बना हुआ है।
राजस्थान में ओलों की चादर, आंधी से नुकसान
राजस्थान के जैसलमेर और बीकानेर में ओलों की मोटी परत जम गई। अजमेर और ब्यावर में तेज आंधी से पेड़ गिर गए और टीनशेड उड़ गए।
उत्तर प्रदेश में गेहूं भीगा, बिजली गिरने से मौतें
उत्तर प्रदेश के कोसीकला अनाज मंडी में हजारों बोरियों में रखा गेहूं बारिश में भीग गया। वहीं, राज्य में आकाशीय बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत हो चुकी है।
हिमाचल में बर्फबारी और तूफान का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में तेज तूफान के साथ बारिश हुई, जबकि लाहौल स्पीति के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और शिमला में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी है।
अगले दो दिन का मौसम अपडेट
5-6 अप्रैल को उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, बिहार, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश की संभावना है। कई राज्यों में ओलावृष्टि और तेज आंधी की चेतावनी भी जारी की गई है।
तापमान में गिरावट के आसार
उत्तर प्रदेश में आज लखनऊ और कानपुर समेत 35 जिलों में ओले गिरने का अलर्ट है। 55 जिलों में 60 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी चल सकती है, जिससे तापमान में 3-5°C तक गिरावट आने की संभावना है।