दिल्ली-NCR में शुक्रवार (3 अप्रैल) रात भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। जम्मू-कश्मीर सहित कई राज्यों में धरती हिली।पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा और राजस्थान में भी लोगों ने झटके महसूस किए. फिलहाल किसी तरह के नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हिंदूकुश पर्वत क्षेत्र में था। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.9 मापी गई। जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में झटके लगभग 10 से 15 सेकंड तक महसूस किए गए, जिसके कारण लोग डर के चलते घरों से बाहर निकल गए।
चार देशों में महसूस हुए झटके
भूकंप के झटके भारत, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ताजिकिस्तान में महसूस किए गए। हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी हल्के झटके महसूस किए गए। अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान सीमा क्षेत्र में शुक्रवार को 5.9 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके झटके उत्तर भारत के कई हिस्सों में महसूस किए गए।
प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए
भूकंप का केंद्र 71.01 डिग्री पूर्वी देशांतर और 36.52 डिग्री उत्तरी अक्षांश पर था, जबकि इसकी गहराई 175 किलोमीटर दर्ज की गई। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में भी झटके महसूस किए गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। इससे पहले तिब्बत में भी शाम 8 बजकर 12 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, जिसकी तीव्रता 3.2 मापी गई।