सीतापुर - उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की परीक्षाओं में एक बार फिर सीतापुर की होनहार छात्रा प्राची निगम ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। वर्ष 2024 में 10वीं बोर्ड परीक्षा में पूरे प्रदेश में टॉप कर सुर्खियों में आईं प्राची ने अब इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा में 91.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी मेहनत और लगन का लोहा मनवाया है।
अपने लक्ष्य पर पूरी तरह केंद्रित रहीं
प्राची निगम सीतापुर के सीता बाल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, महमूदाबाद की छात्रा हैं। उन्होंने अपनी सफलता से न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। 10वीं में टॉप करने के बाद उनकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी, लेकिन दुर्भाग्यवश कुछ लोगों ने उनके चेहरे के बालों को लेकर उनका मजाक उड़ाया और ट्रोल किया। इस नकारात्मक माहौल के बावजूद प्राची ने हार नहीं मानी और अपने लक्ष्य पर पूरी तरह केंद्रित रहीं।
मेरिट सूची में स्थान बना सकती थीं
12वीं के परीक्षा परिणाम में प्राची ने अधिकांश विषयों में उत्कृष्ट अंक हासिल किए। गणित में 99 अंक, हिंदी में 96 अंक, रसायन विज्ञान में 95 अंक और भौतिक विज्ञान में 93 अंक प्राप्त कर उन्होंने अपनी मजबूत शैक्षणिक पकड़ का परिचय दिया। हालांकि अंग्रेजी विषय में उन्हें 73 अंक मिले, जो अन्य विषयों की तुलना में कम रहे। यदि अंग्रेजी में भी उनके 90 प्रतिशत से अधिक अंक आते, तो वे एक बार फिर मेरिट सूची में स्थान बना सकती थीं।
प्राची बनीं युवाओं की प्रेरणा
प्राची की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि यदि मन में दृढ़ संकल्प और मेहनत करने की लगन हो, तो किसी भी प्रकार की आलोचना या बाधा सफलता की राह में रुकावट नहीं बन सकती। उन्होंने यह साबित कर दिया कि असली जवाब मेहनत और उपलब्धि से दिया जाता है, न कि शब्दों से। उनकी इस सफलता से अन्य छात्र-छात्राओं को भी प्रेरणा मिलेगी कि वे विपरीत परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखें और निरंतर प्रयास करते रहें। प्राची निगम आज युवाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत बनकर उभरी हैं।