होली के त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रतापगढ़ रोडवेज डिपो इस बार खास पहल करने जा रहा है। नौकरी-पेशा लोगों और घर से दूर रहने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रिंग रोडवेज पर्व स्पेशल बस सेवा शुरू की जाएगी, जो चार जिलों का चक्कर लगाते हुए यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी देगी।
यह बस प्रतापगढ़ डिपो से बादशाहपुर और जौनपुर होते हुए वाराणसी पहुंचेगी। इसके बाद वापसी में वाराणसी से जौनपुर होते हुए सुलतानपुर के रास्ते फिर प्रतापगढ़ आएगी। इस सेवा से चारों जिलों के यात्रियों को घर पहुंचने में काफी सुविधा मिलेगी।
डिपो से वर्तमान में 92 बसों का संचालन होता है, जिनमें 56 बड़ी बसें, 21 मिनी बसें और 15 अनुबंधित बसें शामिल हैं। प्रतिदिन करीब 12 लाख रुपये की आय भी डिपो को होती है। होली के मद्देनजर दिल्ली और आगरा रूट पर पांच-पांच अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी है, जबकि लोकल रूट पर बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे।
डिपो अधिकारियों के अनुसार, त्योहार के दौरान यात्रियों के दबाव को देखते हुए यह रिंग रोडवेज सेवा शुरू की जा रही है। यदि यह प्रयोग सफल रहा तो अन्य रूट पर भी इसे लागू किया जा सकता है।
Comments (0)