भारत निर्वाचन आयोग ने अप्रैल 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले राज्यसभा सदस्यों की रिक्त सीटों को भरने के लिए द्विवार्षिक चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इस चुनाव के तहत देश के 10 राज्यों की कुल 37 सीटों पर निर्वाचन कराया जाएगा। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की पांच सीटों में से दो सदस्यों — कवि तेजपाल सिंह तुलसी और फूलो देवी नेताम का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को समाप्त हो रहा है। इन सीटों को भरने के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
तय हुआ पूरा चुनाव कार्यक्रम
आयोग के अनुसार:
- 26 फरवरी 2026 को अधिसूचना जारी होगी।
- 5 मार्च 2026 तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे।
- 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) होगी।
- 9 मार्च तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे।
- 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा।
- उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी।
- 20 मार्च 2026 तक पूरी निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कर ली जाएगी।
नामांकन और मतदान की व्यवस्था
उम्मीदवार 26 फरवरी से 5 मार्च के बीच (सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक, सार्वजनिक अवकाश छोड़कर) Chhattisgarh Vidhan Sabha में रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे।
राज्यसभा चुनाव में राज्य के कुल 90 विधायक मतदान करेंगे, जिनमें भारतीय जनता पार्टी के 54, इंडियन नेशनल कांग्रेस के 35 और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का 1 सदस्य शामिल है। मतदान मतपत्र के माध्यम से किया जाएगा और वरीयता अंकित करने के लिए निर्वाचन अधिकारी द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंगनी स्केच पेन का ही उपयोग मान्य होगा। चुनाव की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी और पूरी प्रक्रिया आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार संपन्न होगी।
Comments (0)