रुड़की में एआरटीओ जितेंद्र चांद एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। उन्होंने एआरटीओ कार्यालय के बाहर चल रही अनाधिकृत गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया और कई लोग इधर-उधर भागते नजर आए।
CSC सेंटर किया सीज
छापेमारी के दौरान एक CSC सेंटर को सीज कर दिया गया। इसके अलावा कार्यालय के बाहर अनाधिकृत रूप से कार्य कर रहे अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की गई। प्रशासन ने साफ किया है कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का व्यवसाय या कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह कार्रवाई 5 मई को किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं द्वारा दिए गए ज्ञापन के बाद सामने आई जिसमें उन्होंने कुछ मांगों को लेकर एआरटीओ कार्यालय का ध्यान आकर्षित किया था। इसी के बाद कार्यालय परिसर के बाहर चल रही अनधिकृत गतिविधियों पर यह छापेमारी की गई।
नियमों का उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई
एआरटीओ जितेंद्र चांद ने कहा कि भ्रष्टाचार और अनियमितता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी लोग नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह की छापेमारी जारी रहेगी।
साथ ही उन्होंने कार्यालय के कर्मचारियों को निर्देश दिए कि एआरटीओ कार्यालय में आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और उनका कार्य पारदर्शिता के साथ समय पर पूरा किया जाए।