उत्तराखंड के जिला मुख्यालय उधम सिंह नगर में लैंड जिहाद कर अवैध रूप से मजार बनाने का मामला प्रकाश में आया है। शहर में सरकारी जमीनों पर हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच रुद्रपुर के खेड़ा बस्ती में उस समय हड़कंप मच गया जब महापौर विकास शर्मा प्रशासनिक अमले के साथ निरीक्षण करने पहुंचे मौके पर एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। सरकारी भूमि पर कब्जा कर मकान के भीतर अवैध रूप से मजार बनाए जाने का मामला सामने आने पर प्रशासन भी हैरान रह गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर ने तत्काल निर्माण को सीज करने और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के निर्देश दे दिए।
मकान को देखकर अधिकारी दंग
महापौर विकास शर्मा के साथ एडीएम पंकज उपाध्याय नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे और नगर निगम व प्रशासन के अन्य अधिकारियों के साथ खेड़ा बस्ती क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान नदी किनारे सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत के आधार पर टीम चांद मस्जिद के पास पहुंची जहां एक मकान को देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। जांच में सामने आया कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर मकान खड़ा किया गया था और घर के अंदर ही मजार भी बना दी गई थी।
पूछताछ में पता चला कि संबंधित व्यक्ति ने अपने पिता के इंतकाल के बाद शव को घर के भीतर ही दफनाकर वहां मजार का स्वरूप दे दिया। इतना ही नहीं आरोप यह भी सामने आया कि अतिक्रमणकारी ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर आसपास कई लोगों को प्लॉट भी बेच दिए हैं। मामले का खुलासा होते ही प्रशासनिक टीम ने मौके पर जांच शुरू कर दी और अवैध निर्माण को तत्काल प्रभाव से सीज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
लैंड जिहाद के खिलाफ अभियान
महापौर विकास शर्मा ने निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी भूमि पर धार्मिक संरचना के नाम पर किसी भी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में अवैध अतिक्रमण और तथा कथित लैंड जिहाद के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश में अब तक सैकड़ों अवैध मजारों पर कार्रवाई हो चुकी है लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग सरकारी जमीनों पर कब्जा करने से बाज नहीं आ रहे हैं।
वहीं एडीएम पंकज उपाध्याय ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कराई जाएगी और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सीज की गई अवैध मजार को ध्वस्त करने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी की जाएगी।