मसूरी विधानसभा से देहरादून नगर निगम के पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा की सक्रियता ने भाजपा में खेमेबाजी को बढ़ा दिया है। सुनील उनियाल पहले ही मसूरी से विधायक पद पर अपनी दावेदारी पेश कर चुके हैं जिससे मसूरी से तीन बार के विधायक रहे गणेश जोशी की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं।
त्रिवेंद्र सिंह रावत के करीबी सुनील गामा
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के करीबी माने जाने वाले सुनील उनियाल गामा हाल ही में मसूरी में एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मसूरी विधानसभा भाजपा की सीट है और यहां कोई भी पार्टी कार्यकर्ता अपनी दावेदारी पेश कर सकता है।
सुनील उनियाल गामा ने बताया कि उन्हें मसूरी विधानसभा की जनता का भरपूर प्यार और समर्थन मिल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भाजपा इस बार उन्हें मसूरी विधानसभा से चुनाव लड़ने का अवसर देगी और एक बार फिर भाजपा की झोली में मसूरी विधानसभा की सीट जाएगी।
सुनील गामा की सक्रियता ने रणनीति की तेज
विशेष रूप से सुनील उनियाल गामा की सक्रियता और उनकी संभावित दावेदारी ने मसूरी विधानसभा में पार्टी के भीतर रणनीति और खेमेबाजी को तेज कर दिया है। इससे यह स्पष्ट होता है कि आगामी चुनाव में मसूरी सीट पर राजनीतिक दिलचस्पी और प्रतिस्पर्धा बढ़ गई है।