नंदा देवी राजजात यात्रा के मार्ग के रूप में विख्यात थराली-देवाल-मुन्दोली-वाण मोटरमार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतें सामने आने के बाद लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता (सातवाँ वृत गोपेश्वर) राजेश चंद्रा ने साइट का औचक निरीक्षण किया।
सुरक्षा दीवारों और अन्य कार्यों का जायजा
अधीक्षण अभियंता ने थराली-देवाल मोटरमार्ग पर निर्माणाधीन सुरक्षा दीवारों नालियों और अन्य कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई स्थानों पर गुणवत्ता में कमी पाई और इस पर सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग थराली के अभियंताओं को फटकार लगाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा दीवारों और नालियों के निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
विशेष रूप से बंदरढोंन क्षेत्र के समीप बन रही सुरक्षा दीवारों में लापरवाही बरतने पर अधीक्षण अभियंता ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बंदरढोंन साइट का पहले सर्वे किया जाएगा और सर्वे के बाद ही हिल साइड कटिंग करके पक्के निर्माण कार्य कराए जाएंगे ताकि बरसात के दौरान आवाजाही में किसी तरह की समस्या न हो।
इसके अलावा ठेकेदार द्वारा टेंडर को सब-लेट करने की शिकायत पर अधीक्षण अभियंता ने स्पष्ट किया कि सबलेट करने से पहले विभाग की अनुमति लेना आवश्यक है जो नहीं ली गई है। इस मामले की जांच कराई जाएगी और ठेकेदार से जानकारी ली जाएगी कि कितने सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं और इसकी अनुमति ली गई है या नहीं।
अधीक्षण अभियंता ने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान निरीक्षण में साइट पर मौजूद अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को भी निर्देश दिए गए कि कार्य में त्रुटियों को तुरंत सुधारें और गुणवत्ता मानकों का पालन करें।
इस औचक निरीक्षण में यह संदेश साफ है कि नंदा देवी राजजात यात्रा मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर लोक निर्माण विभाग अब कोई समझौता नहीं करेगा।
Comments (0)