भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी ने बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया है। अगले तीन दिनों तक प्रदेश कांग्रेस में लगातार मैराथन बैठकों का दौर चलेगा, जिसमें संगठन की जमीनी स्थिति और नेताओं के कामकाज की समीक्षा की जाएगी। बैठकों की शुरुआत सुबह 11 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से होगी, जहां जिलाध्यक्षों के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, जिन जिलाध्यक्षों का प्रदर्शन कमजोर पाया जाएगा, उन्हें हटाया भी जा सकता है। पार्टी ने “संगठन सृजन” अभियान के तहत हर तीन महीने में जिलाध्यक्षों की समीक्षा करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही बैठक में विधानसभा प्रभारियों की भूमिका और जिम्मेदारियों को भी स्पष्ट किया जाएगा।
17 अप्रैल को ब्लॉक अध्यक्षों का बड़ा सम्मेलन
कांग्रेस 17 अप्रैल को भोपाल के रविंद्र भवन में ब्लॉक अध्यक्षों का सम्मेलन आयोजित करेगी। इस सम्मेलन में जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की रणनीति तैयार की जाएगी।
नगरीय निकाय चुनाव पर फोकस
आने वाले नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव से एक साल पहले संगठन को मजबूत करने पर खास जोर दिया जा रहा है।
प्रदेश प्रभारी और PCC चीफ लेंगे बैठक
प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और PCC चीफ जीतू पटवारी इन बैठकों की अगुवाई करेंगे। हरीश चौधरी आज से चार दिवसीय मध्यप्रदेश दौरे पर हैं, जिसमें वे संगठन की स्थिति का जायजा लेंगे। कुल मिलाकर, कांग्रेस इन बैठकों के जरिए संगठन में कसावट लाने और चुनावी रणनीति को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है।