PM मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प के बीच करीब 40 मिनट तक फोन पर बातचीत हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने ईरान संघर्ष और पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की और इस बात पर जोर दिया कि होर्मुज स्ट्रेट का खुला और सुरक्षित रहना बेहद जरूरी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि
मेरे दोस्त राष्ट्रपति ट्रम्प का फोन आया। हमने दोनों देशों के बीच अलग-अलग क्षेत्रों में हुए काम और प्रगति पर बात की। हमने यह भी कहा कि आगे चलकर भारत और अमेरिका के रिश्ते को और मजबूत करेंगे।
यह बातचीत अमेरिका-ईरान सीजफायर के बाद दोनों नेताओं के बीच पहली बातचीत मानी जा रही है। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बताया कि कॉल के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रम्प से कहा, भारत के लोग आपको पसंद करते हैं। इस पर ट्रम्प ने जवाब दिया कि हम सभी आपसे प्यार करते हैं।
अमेरिका-भारत ऊर्जा समझौते की संभावना
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और ट्रम्प के बीच होर्मुज स्ट्रेट के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले दिनों और हफ्तों में भारत और अमेरिका के बीच ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े बड़े समझौते हो सकते हैं।उन्होंने यह भी कहा कि भारत और अमेरिका के संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं और दोनों देश कई महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर मिलकर काम कर रहे हैं।
20 दिन में दूसरी बातचीत
यह पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रम्प के बीच पिछले 20 दिनों में दूसरी फोन बातचीत थी। इससे पहले 24 मार्च को दोनों नेताओं ने मिडिल ईस्ट की स्थिति पर चर्चा की थी।