छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। प्लांट में बॉयलर फटने से 9 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने शुरुआती तौर पर 4 मौतों की पुष्टि की थी, वहीं बाद में इलाज के दौरान और मजदूरों ने दम तोड़ दिया।
वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटा, 9 मजदूरों की मौत
घटना डभरा थाना क्षेत्र के सिंघीतराई स्थित प्लांट की है। जानकारी के अनुसार, रोज की तरह प्लांट में काम चल रहा था, तभी दोपहर करीब 2 बजे अचानक बॉयलर ब्लास्ट हो गया। हादसा ट्यूब फटने की वजह से बताया जा रहा है, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। 18 घायलों को रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां 6 मजदूरों की मौत हो गई। वहीं 11 अन्य घायलों को खरसिया के पद्मावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और कई मजदूर 80 प्रतिशत तक झुलस गए हैं।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। प्लांट के बाहर मजदूरों के परिजन एकत्र हो गए हैं और घायलों से मिलने की मांग को लेकर हंगामा कर रहे हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।सक्ती कलेक्टर भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं।
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।