मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास और प्रगति के पथ पर अग्रसर है। वर्ष 2047 में भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। प्रधानमंत्री मोदी महिलाओं के हित में लगातार निर्णय लेकर महिलाओं को अधिकार देने के साथ उन्हें सशक्त बना रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि डॉ. अंबेडकर की पहल को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने नारी शक्ति को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण दिलवाने का संकल्प लिया है। यह 21वीं शताब्दी का सबसे बड़ा निर्णय है। इस अधिनियम के लागू हो जाने के बाद नारी शक्ति का तेजी से सशक्तिकरण होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को इंदौर के परस्पर नगर स्थित लता मंगेशकर ऑडिटोरियम में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनाया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सुप्रीम कोर्ट के निर्णयों का पालन करते हुए मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक से मुक्ति दिलाकर उनके हित में नया इतिहास लिखा, तो वहीं अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनाया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इंदौर देवी अहिल्याबाई का शहर है और स्वर कोकिला लता मंगेशकर की जन्मस्थली है। आज हम जिस सभागृह में उपस्थित है वह लता मंगेशकर की स्मृति में बनाया गया है।
विपक्षी दल करते हैं वंदेमातरम् का अपमान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह दुर्भाग्य का विषय है कि विपक्षी दल वंदेमातरम् का अपमान कर रहे हैं। इसी प्रकार से राम मंदिर के समय भी समाज को बांटने की कोशिश हुई थी। जब सुप्रीम कोर्ट ने तीन तलाक को खत्म कर दिया, तब भी विपक्षी दल की सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय को पलट दिया। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सुप्रीम कोर्ट के दो निर्णयों को लागू करवाया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने मुस्लिम बहनों को तीन तलाक के कलंक से मुक्ति दिलवाई। बदलते दौर के भारत में अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनकर तैयार हुआ है।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम से बढ़ेगा बेटियों का मान
विधायक मालिनी गौड़ ने कहा कि जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवता निवास करते हैं। सनातन संस्कृति में नारी को सदैव ज्ञान, शक्ति और समृद्धि का प्रतीक माना गया है। पंचायत राज संस्थाओं में आधे स्थानों पर महिलाओं को आरक्षण देने के लिए प्रदेश सरकार धन्यवाद की पात्र है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लागू होने पर देश की हर बेटी ऐतिहासिक निर्णयों में अपनी भूमिका निभा पाएगी।
नारियों ने अनोखी मिसाल पेश की
लता मंगेशकर ऑडोटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मंच पर इंदौर की नारियों ने अनोखी मिसाल पेश की। कार्यक्रम में मंच पर कई वर्गों में कार्य कर रही नारियों ने अपनी सहभागिता की और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ मंच की शोभा बढ़ाई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों में मंत्री, सांसद, विधायक और अधिकारी सब दर्शक दीर्घा में बैठे। कार्यक्रम स्थल पर महिला स्व-सहायता समूह द्वारा विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विभिन्न स्टॉलों पर जाकर महिलाओं द्वारा उत्पादित सामग्री का अवलोकन किया।
कार्यक्रम में विधायक मालिनी गौड़ ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पास हो जाने के बाद महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। कार्यक्रम का प्रारंभ राष्ट्रगीत वन्दे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ। कार्यक्रम में कला, संस्कृति, उद्यम, साहित्य आदि क्षेत्रों की महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित थी।