उत्तराखंड लोक सेवा आयोग UKPSC के एक निर्णय ने प्रदेश भर के हजारों अभ्यर्थियों को असमंजस में डाल दिया है। आगामी 9 और 10 मई को प्रस्तावित लेक्चरर भर्ती परीक्षा की तिथि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग UPPSC की परीक्षा के साथ टकरा रही है जिससे उन अभ्यर्थियों के सामने गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है जिन्होंने दोनों राज्यों में आवेदन किया है।
परीक्षा तिथि बदलने की मांग
इसी मुद्दे को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी हरिद्वार स्थित उत्तराखंड लोक सेवा आयोग कार्यालय पहुंचे और परीक्षा तिथि बदलने की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने आयोग परिसर में हंगामा भी किया लेकिन आयोग के अध्यक्ष और सचिव से उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि परीक्षा नियंत्रक ने भी इस विषय पर निर्णय लेने से असमर्थता जताई।
भविष्य अधर में लटका
प्रदेश भर में ऐसे अभ्यर्थियों की संख्या हजारों में बताई जा रही है जिन्होंने उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश दोनों की परीक्षाओं के लिए आवेदन किया है। परीक्षा तिथियों के टकराव के कारण उनका भविष्य अधर में लटक गया है जिससे उनमें भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
वहीं इस मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। मौके पर पहुंची यूथ कांग्रेस ने भी अभ्यर्थियों के समर्थन में प्रदर्शन किया और परीक्षा तिथि में संशोधन की मांग उठाई।
अभ्यर्थियों ने आयोग से जल्द समाधान निकालने की मांग की है ताकि उनकी तैयारी और भविष्य प्रभावित न हो।