कोलकाता: भगवान धरती आबा बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का अनुसूचित जनजाति (ST) मोर्चा 11 से 18 नवंबर तक सप्ताहव्यापी ‘जनजातीय गौरव दिवस’ मनाएगा। इस दौरान राज्यभर में आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पदयात्राओं, जनसभाओं और सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार से जुड़े कई आयोजन किए जाएंगे। इस अभियान के तहत राज्य के 53 आदिवासी बहुल विधानसभा क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बुधवार, 11 नवंबर को कोलकाता स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय, 6 मुरलीधर सेन लेन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पश्चिम बंगाल भाजपा एसटी मोर्चा के अध्यक्ष खगेन मुर्मू ने सप्ताहभर के कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा केवल आदिवासी समाज के गौरव नहीं, बल्कि पूरे देश की प्रेरणा हैं। अंग्रेजी शासन के खिलाफ उनका संघर्ष और बलिदान आज भी देशवासियों को अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने की प्रेरणा देता है।
बिरसा मुंडा के साथ आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को किया जाएगा याद
खगेन मुर्मू ने कहा कि 1875 से 1900 के बीच बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के शासन, शोषण और अत्याचार के खिलाफ ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनके अलावा तिलका मांझी, सिद्धू, कान्हू, चांद, भैरव, फूलो और झानो जैसे अनेक आदिवासी वीरों ने भी स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
उन्होंने 30 जून 1855 को भोगनाडीह से सिद्धू-कान्हू के नेतृत्व में शुरू हुए ऐतिहासिक हूल आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अंग्रेजी शासन के खिलाफ आदिवासी समाज के संगठित प्रतिरोध का गौरवशाली अध्याय है।
12 से 18 नवंबर तक होंगे अलग-अलग आयोजन
भाजपा एसटी मोर्चा की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार, 12 नवंबर को राज्य के सभी सांगठनिक और प्रशासनिक जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान और जनजातीय गौरव दिवस के महत्व को बताया जाएगा।
13 और 14 नवंबर को तिलका मांझी, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो समेत अन्य आदिवासी महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं एवं स्मारकों की साफ-सफाई की जाएगी। 14 नवंबर को शाम 6 बजे राज्य के 53 आदिवासी बहुल विधानसभा क्षेत्रों में बिरसा मुंडा की प्रतिमा और तस्वीर के सामने दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
15 नवंबर को बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर सुबह 8 बजे राज्य के सभी जिलों, ब्लॉकों और विधानसभा क्षेत्रों में माल्यार्पण कार्यक्रम होगा। इसके बाद 53 आदिवासी बहुल विधानसभा क्षेत्रों में पदयात्रा और आदिवासी सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। इनमें संथाल, कोल, भील, भूमिज, मुंडा, हो, बिरहोर और लोढ़ा समेत विभिन्न जनजातियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
वहीं, 16 से 18 नवंबर तक अलग-अलग जिलों में प्रदर्शनियों, संग्रहालय भ्रमण और झांकियों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनजातीय विकास योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
तीरंदाजी, फुटबॉल और पारंपरिक नृत्य होंगे आकर्षण
जनजातीय गौरव दिवस के तहत केवल राजनीतिक और सामाजिक कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि खेलकूद और सांस्कृतिक आयोजनों को भी प्रमुखता दी जाएगी। विभिन्न जिलों में जनसभाओं, खेल प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
इस दौरान तीरंदाजी, पुरुष एवं महिला फुटबॉल प्रतियोगिताओं के साथ अलग-अलग जनजातियों के पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुतियां होंगी। इनमें संथाल समुदाय का लागड़े एनेच और दंग, मुंडा समाज का झूमुर, भूमिज समुदाय का करम, हो एवं बिरहोर समुदाय का सुसुंग दुरंग और लोढ़ा समुदाय का च्यांग नृत्य विशेष आकर्षण होंगे।
झाड़ग्राम और अलीपुरद्वार में दो बड़ी जनसभाएं
इस सप्ताहव्यापी अभियान के तहत दक्षिण बंगाल और उत्तर बंगाल में दो बड़ी जनसभाएं आयोजित की जाएंगी। दक्षिण बंगाल की सभा 15 नवंबर को झाड़ग्राम जिले के शिलदा स्थित सोहरी फुटबॉल मैदान में होगी। वहीं, उत्तर बंगाल की सभा 18 नवंबर को अलीपुरद्वार जिले के कुमारग्राम में आयोजित की जाएगी।
खगेन मुर्मू के मुताबिक, दोनों सभाओं में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा राज्य के अन्य प्रशासनिक जिलों में भी जनसभाएं होंगी। 53 आदिवासी बहुल विधानसभा क्षेत्रों और संबंधित ब्लॉक इलाकों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
23 जिलों में आदिवासी समाज के विशिष्ट लोगों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान पद्म विभूषण और पद्म भूषण से सम्मानित आदिवासी हस्तियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में विशेष पहचान हासिल करने वाले जनजातीय समाज के विशिष्ट लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा ग्रामीण आदिवासी सामाजिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मांझी बाबाओं को भी सम्मान दिया जाएगा। यह सम्मान समारोह राज्य के सभी 23 जिलों में आयोजित किए जाने की योजना है।
अटल बिहारी वाजपेयी और द्रौपदी मुर्मू का भी किया उल्लेख
खगेन मुर्मू ने आदिवासी समाज के सम्मान और अधिकारों के लिए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि 1999 में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया गया था। इसके बाद 2003 में संथाली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किया गया। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आदिवासी समाज की प्रतिनिधि द्रौपदी मुर्मू देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद यानी राष्ट्रपति पद तक पहुंचीं। उनके मुताबिक, ये सभी कदम जनजातीय समाज की प्रतिष्ठा और भागीदारी को मजबूत करने वाले ऐतिहासिक प्रयास हैं।
53 आदिवासी बहुल सीटों में 48 पर BJP की जीत का दावा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में खगेन मुर्मू ने हालिया विधानसभा चुनावों में आदिवासी बहुल क्षेत्रों में भाजपा के प्रदर्शन का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की सभी 16 अनुसूचित जनजाति (ST) आरक्षित विधानसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की।
इसके अलावा राज्य की 53 आदिवासी बहुल विधानसभा सीटों में से 48 पर भाजपा और केवल 5 सीटों पर तृणमूल कांग्रेस को जीत मिली। उन्होंने इस सफलता का श्रेय आदिवासी समाज के लोगों, बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं, पार्टी पदाधिकारियों और राज्य एवं केंद्रीय नेतृत्व को दिया।
खगेन मुर्मू ने कहा कि भाजपा का एसटी मोर्चा आदिवासी समाज की आत्मसम्मान, संस्कृति, परंपरा और अधिकारों की रक्षा के लिए आगे भी काम करता रहेगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बिरसा मुंडा के विचारों और आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष की गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब भी दिया।