Meta Platforms ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Facebook पर बढ़ते कॉपी-पेस्ट और फर्जी कंटेंट को रोकने के लिए नया कदम उठाया है। कंपनी ने क्रिएटर्स के ओरिजिनल कंटेंट की सुरक्षा के लिए नए टूल और अपडेटेड कंटेंट गाइडलाइंस पेश किए हैं।
दुरुपयोग की शिकायत दर्ज करा सकेंगे
मेटा के अनुसार इन नए फीचर्स का उद्देश्य प्लेटफॉर्म पर बढ़ रहे कॉपी कंटेंट, इम्पर्सोनेशन और स्पैम को कम करना है। इसके तहत क्रिएटर्स को एक सेंट्रलाइज्ड डैशबोर्ड दिया जाएगा, जहां से वे आसानी से अपने कंटेंट की कॉपी या किसी अन्य द्वारा किए जा रहे दुरुपयोग की शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
पोस्ट की पहचान करना आसान होगा
कंपनी का कहना है कि इन टूल्स के जरिए ऐसे अकाउंट्स और पोस्ट की पहचान करना आसान होगा, जो किसी दूसरे क्रिएटर के कंटेंट को कॉपी-पेस्ट कर अपने नाम से पोस्ट करते हैं। शिकायत मिलने के बाद मेटा की टीम ऐसे कंटेंट की जांच करेगी और नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर पोस्ट हटाने, रीच कम करने या अकाउंट पर कार्रवाई जैसे कदम उठाए जा सकते हैं।
क्रिएटर्स को बेहतर सुरक्षा और पहचान मिलेगी
Meta Platforms ने यह भी बताया कि नए अपडेट के जरिए प्लेटफॉर्म पर तेजी से बढ़ रहे AI जनरेटेड स्पैम और डुप्लीकेट कंटेंट पर भी नियंत्रण करने की कोशिश की जाएगी। कंपनी का मानना है कि इससे ओरिजिनल कंटेंट बनाने वाले क्रिएटर्स को बेहतर सुरक्षा और पहचान मिलेगी।
कंटेंट क्रिएटर्स के लिए राहत
मेटा के इस फैसले को कंटेंट क्रिएटर्स के लिए राहत के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि लंबे समय से सोशल मीडिया पर बिना अनुमति के कंटेंट कॉपी करने की समस्या सामने आ रही थी। नए नियम लागू होने के बाद प्लेटफॉर्म पर ओरिजिनल और गुणवत्ता वाले कंटेंट को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
Comments (0)