दंतेवाड़ा। नक्सल संगठन को बड़ा झटका देते हुए 25 माओवादियों के आत्मसमर्पण करने की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, माओवादी संगठन के शीर्ष स्तर के नेताओं ने भी हथियार डाल दिए हैं, जिससे संगठन की रणनीतिक संरचना को गहरी चोट पहुंची है।
सूत्रों के मुताबिक, माओवादी पार्टी के सेंट्रल कमेटी सचिव थिप्परी तिरुपति उर्फ देवजी और पोलित ब्यूरो के वरिष्ठ सदस्य मल्ला राजिरेड्डी उर्फ संग्राम ने तेलंगाना की स्पेशल इंटेलिजेंस ब्रांच (SIB) के समक्ष आत्मसमर्पण किया। दोनों लंबे समय से संगठन के सक्रिय और प्रभावशाली चेहरों में शामिल थे।
बताया जा रहा है कि लगातार चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों, सुरक्षा बलों की बढ़ती दबिश और संगठन पर बनते दबाव के चलते यह बड़ा फैसला लिया गया। बीते कुछ महीनों में सुरक्षा एजेंसियों द्वारा तेज किए गए ऑपरेशन से माओवादी नेटवर्क कमजोर पड़ता दिख रहा है।
सूत्रों के अनुसार, तेलंगाना पुलिस आगामी दो दिनों में आत्मसमर्पण करने वाले नेताओं को मीडिया के सामने पेश कर सकती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि शीर्ष नेताओं के सरेंडर से संगठन की रणनीतिक क्षमता और मनोबल पर बड़ा असर पड़ेगा। इसे नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षा बलों की अहम सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।
Comments (0)