जिन सरकारी स्कूलों में कभी मां-बाप अपने बच्चों को भेजना नहीं चाहते थे, अब उन्ही सरकारी स्कूलों की सूरत बदल रही है। इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मध्य प्रदेश के दो सरकारी स्कूल दुनियाभर के टॉप-10 स्कूलों की लिस्ट में शामिल हुए हैं। अब इन स्कूलों को विश्व के सबसे प्रतिष्ठित शिक्षा पुरस्कार द 'वर्ल्डस बेस्ट स्कूल प्राइज' के चयनित किया गया है। इस अवॉर्ड के लिए दुनिया के 100 देशों से आवेदन आए थे। जिनमें से टॉप-10 की जो लिस्ट बनी है उनमें मध्य प्रदेश के दो सीएम राइज स्कूल भी शामिल हैं।
लोगों का भरोसा भी सरकारी स्कूलों पर बढ़ेगा
गुरुवार को 'वर्ल्डस बेस्ट स्कूल प्राइज' के परिणामों की घोषणा की गई थी। जिसमें रतलाम का सीएम राइज विनोबा स्कूल को 'इनोवेशन' और सीएम राइज मॉडल उच्चतर माध्यमिक स्कूल झाबुआ को 'सपोर्टिंग हेल्दी लाइफ्स' में चुना गया है। जो प्रदेश के लिए अच्छी खबर है, क्योंकि यह उपलब्धि मध्यप्रदेश में शिक्षा के नजरिए से अहम मानी जा रही है। वहीं सरकारी स्कूलों का इस अवॉर्ड के लिए चयनित होने से लोगों का भरोसा भी सरकारी स्कूलों पर बढ़ेगा।
सीएम ने दी बधाई
इस उपलब्धि पर सीएम डॉ मोहन यादव ने भी बधाई दी है। उन्होंने कहा 'विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के मध्यप्रदेश सरकार के प्रयासों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहा जा रहा है। अंर्तराष्ट्रीय संस्था/टी-4 एजुकेशन द्वारा विश्व के सर्वश्रेष्ठ स्कूल पुरस्कार के टॉप 10 में, मध्यप्रदेश के 2 सीएम राइज़ स्कूलों, सीएम राइज़ विनोबा रतलाम और सीएम राइज मॉडल झाबुआ को स्थान दिया गया है। इस उपलब्धि पर शिक्षा विभाग से जुड़े सभी अधिकारी- कर्मचारियों और स्कूल के समस्त स्टाफ को बधाई।' वहीं इस उपलब्धि पर दोनों ही स्कूलों का स्टॉफ भी बेहद खुश नजर आ रहा है।
टी4 एजुकेशन एक वैश्विक मंच
उल्लेखनीय है कि टी4 एजुकेशन एक वैश्विक मंच है जो 100 से अधिक देशों के 2,00,000 से अधिक शिक्षकों के समुदाय को नवाचारी प्रक्रियाओं और शिक्षा में महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रोत्सा्हित करता है। टी-4 संस्था प्रतिवर्ष 4 अलग-अलग श्रेणियों में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ 10-10 स्कूलों का चयन करती है। जिनका विवरण संस्था के वेब प्लेटफार्म पर प्रदर्शित किया जाता है। उक्त विवरण के आधार पर वोटिंग के पश्चात सर्वश्रेष्ठ 3-3 स्कूलों को वर्ल्ड बेस्ट स्कूल का पुरस्कार प्रदान किया जाता है।
Comments (0)