माघी मेले के अवसर पर आयोजित भाजपा सम्मेलन में पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने पंजाब की वर्तमान स्थिति पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि राज्य को नशा, गैंगस्टरवाद, भ्रष्टाचार और ‘के कंपनी’ से मुक्ति दिलाने की आवश्यकता है। पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने ‘के कंपनी’ से आशय दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम से बताया और आरोप लगाया कि पंजाब का पैसा दिल्ली की राजनीति पर खर्च किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा एकजुट होकर संघर्ष करेगी और अगले वर्ष राज्य में सरकार बनाकर पंजाब को इस स्थिति से बाहर निकालेगी।
पंजाब को पांच मोर्चों पर लड़नी होगी लड़ाई
पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि पंजाबियों को आज पांच मोर्चों पर संघर्ष करना पड़ रहा है नशा, गैंगस्टरवाद, भ्रष्टाचार, गिरती कानून-व्यवस्था, और दिल्ली से चल रही ‘के कंपनी’। उन्होंने बताया कि पंजाब ने बंटवारे का दर्द सहा, 1984 के दंगे झेले और अब गैंगवार और हत्याओं का दौर देख रहा है।
माफी मांगनी चाहिए
उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने दिल्ली को लूटा, उन्हीं को पंजाब में सत्ता सौंप दी गई। केजरीवाल ने वादा किया था कि सात घंटे में पंजाब को गैंगस्टर मुक्त कर देंगे, लेकिन आज हालात यह हैं कि खिलाड़ी मारे जा रहे हैं और थानों पर ग्रेनेड हमले हो रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सवाल उठाया कि क्या सत्ता की कुर्सी इतनी प्रिय हो गई है कि गुरुओं की बेअदबी दिखाई नहीं देती। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि आतिशी को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
Comments (0)