बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) सहित महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों में गुरुवार सुबह 7:30 बजे से मतदान शुरू हो गया। नागरिक पोलिंग बूथ पर पहुंचकर अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, पूर्व राज्यपाल राम नाईक और कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी वोट डाला। मोहन भागवत ने नागपुर के एक मतदान केंद्र पर वोट डालते हुए नागरिकों से अपील की कि वे अपने लोकतांत्रिक कर्तव्य का पालन करें और जनहित को ध्यान में रखते हुए योग्य उम्मीदवार का चयन करें। संघ प्रमुख ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र की अनिवार्य प्रक्रिया है और प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह मतदान करे।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने किया मतदान
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने परिवार सहित मुंबई के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। उन्होंने बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं की लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उनका समर्पण हर नागरिक के लिए रोल मॉडल है। केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने पुणे के वार्ड 31 में परिवार के साथ मतदान किया। उन्होंने दावा किया कि पुणे का मेयर भाजपा से ही होगा और कहा कि जनता केंद्र सरकार की योजनाओं और कामकाज को देख रही है।
सचिन तेंदुलकर ने डाला वोट
क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर भी मुंबई के एक मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे। तेंदुलकर ने सभी से अपने लोकतांत्रिक कर्तव्य के रूप में मतदान करने की अपील की और कहा कि मतदान के जरिए ही आप अपनी राय व्यक्त कर सकते हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, शिवसेना नेता शाइना एनसी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने भी परिवार सहित मतदान कर नागरिक कर्तव्य निभाया।
पूर्व राज्यपाल राम नाईक ने डाला वोट
पूर्व राज्यपाल राम नाईक ने मुंबई के पहाड़ी स्कूल में वोट डालते हुए पोलिंग प्रक्रिया और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इस तरह उन्हें पता चलता है कि चुनाव संचालन में कोई दिक्कत तो नहीं है। महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों में कुल 2,869 सीटों पर मतदान हो रहा है, जिसमें बीएमसी की 227 सीटें शामिल हैं। मतदान शाम 5:30 बजे तक चलेगा।
Comments (0)