सेना दिवस के अवसर पर गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय सेना के शूरवीर जवानों, अधिकारियों, पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और उनके परिवारों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं ने देश की सुरक्षा, सम्मान और अखंडता की रक्षा में सेना के अदम्य साहस, निष्ठा और बलिदान की सराहना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि देश की रक्षा के लिए हमारे सैनिक जिस अनुशासन, साहस और त्याग के साथ हर समय तत्पर रहते हैं, उस पर हर भारतीय को गर्व है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने अनुकरणीय अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और पेशेवर उत्कृष्टता के जरिए राष्ट्र सेवा के सर्वोच्च मानक स्थापित किए हैं। सीमाओं की सुरक्षा, प्राकृतिक आपदाओं में राहत एवं बचाव कार्य, आंतरिक सुरक्षा की चुनौतियां या संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशन—हर परिस्थिति में सेना ने असाधारण समर्पण का परिचय दिया है। प्रधानमंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि इस अभियान के दौरान देश ने भारतीय सेना के अदम्य साहस को प्रत्यक्ष रूप से अनुभव किया। उन्होंने कहा कि आज भारतीय सेना विश्व के सबसे सम्मानित सैन्य बलों में अपनी विशिष्ट पहचान रखती है।
मेक इन इंडिया
पीएम मोदी ने यह भी बताया कि बीते वर्षों में सेना और सुरक्षा बलों को अधिक सक्षम और आधुनिक बनाने के लिए कई अहम कदम उठाए गए हैं। अत्याधुनिक हथियारों और तकनीक की उपलब्धता, प्रशिक्षण सुविधाओं का विस्तार और ‘मेक इन इंडिया’ के तहत स्वदेशी रक्षा प्रणालियों को बढ़ावा देकर बलों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में हमारे जवानों की भूमिका निर्णायक रहेगी और उनका साहस आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
राजनाथ सिंह ने शुभकामनाएं दीं
वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सेना दिवस पर भारतीय सेना के जवानों, अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दिन देश की सुरक्षा और अखंडता के लिए सेना के निस्वार्थ सेवा भाव, वीरता और बलिदान के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का अवसर है। राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय सेना सीमाओं पर सजग प्रहरी की भूमिका निभाते हुए बहुआयामी सुरक्षा चुनौतियों का मजबूती से सामना करती है। साथ ही प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत और बचाव कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाकर नागरिकों की सेवा में भी सेना ने अनुकरणीय योगदान दिया है।
सेना का योगदान देश की प्रगति को निरंतर गति देता है
रक्षा मंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस अभियान में सेना ने अपने साहस, पेशेवर कौशल और दृढ़ संकल्प का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन के जरिए पहलगाम के पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी संदेश गया और पूरे देश को गर्व की अनुभूति हुई। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्र निर्माण में भारतीय सेना की भूमिका अतुलनीय है। सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थिरता, विकास, जनकल्याण और मानवीय सहायता में सेना का योगदान देश की प्रगति को निरंतर गति देता है।
Comments (0)