उज्जैन में पिछले कई दिनों से बारिश नहीं हुई है। इंदौर व देवास जिले के साथ ही आसपास के क्षेत्र में हो रही तेज बारिश का असर उज्जैन में देखने को मिल रहा है। यहां बगैर बारिश के ही आज सुबह करीब 10 बजे से क्षिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा। शाम 5 बजे तक क्षिप्रा नदी का जल स्तर करीब 7 फिट बढ़ गया। अचानक से क्षिप्रा नदी में आई बाढ़ के कारण घाट के किनारे के मंदिर डूब गए। इसके साथ ही घाट के किनारे पर खड़े चार पहिया वाहन भी बहने लगे।
मौके पर मौजूद होमगार्ड के जवानों ने बह रहे चार पहिया वाहनों को क्रेन के माध्यम से बाहर निकाला। वहीं पुलिस प्रशासन का अमला भी मौके पर पहुंचा और मोर्चा संभाला। लाउड स्पीकर पर सूचना देकर श्रद्धालुओं को घाट से दूर किया गया। पुलिस जवानों ने बैरिकेडिंग कर आवाजाही बंद कर दी है। सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर नीरज कुमार सिंह भी क्षिप्रा नदी पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
अचानक से क्षिप्रा नदी में आई बाढ़ के कारण घाट के किनारे के मंदिर डूब गए।
Comments (0)