इंदौर-भोपाल के बाद अब संस्कारधानी जबलपुर में भी मेट्रो ट्रेन दौड़ेगी। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने जबलपुर में इसका ऐलान किया है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि जबलपुर के नए फ्लाई ओवर ब्रिज का नाम रानी दुर्गावती ओवर ब्रिज होगा। सीएम ने कहा हमने जबलपुर को बड़ा कस्बा नहीं रहने दिया, सुंदर महानगर बनाया है। जबलपुर के साथ कांग्रेस ने जितना अन्याय,भेदभाव किया था उसे हम ब्याज सहित पूरा करके दे रहे हैं।
हजारों करोड़ रूपये के विकास कार्यों की सौगात दीं
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जबलपुर शहर को हजारों करोड़ रूपये के विकास कार्यों की सौगात दीं। उन्होंने कहा कि जबलपुर विकास के नये आयाम स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री ने 155 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित किये गये फ्लाई-ओवर के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने जबलपुरवासियों के लिये विकास के नये द्वार खोलते हुए कहा कि जबलपुर शहर में 5 हजार करोड़ रूपये की लागत से 116 किलोमीटर के रिंग रोड निर्मित किये जायेंगे। जबलपुर में 1100 करोड़ की लागत से बनने वाले फ्लाई-ओवर्स से शहर की तस्वीर बदल जायेगी।
विकास के लिये निरंतर कार्य कर रही
मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि सरकार सभी के विकास के लिये निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में बहनों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिये मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना बनाकर प्रतिमाह बहनों के खाते में राशि अंतरित की जा रही है। प्रधानमंत्री आवास से छूट गई बहनों के लिये मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना में पक्के मकान बनाये जायेंगे। प्रदेश के हर गरीब के पास अपनी जमीन होगी, जिस पर उसका अपना घर बना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की धरती पर माफियाओं को पनपने नहीं दिया जायेगा। सरकार ने प्रभावी कार्यवाही कर भू-माफियाओं से 23 हजार एकड़ सरकारी जमीन मुक्त कराई है। इस पर मल्टी स्टोरी मकान बनाकर गरीबों को दिये जायेंगे।
Comments (0)