छिंदवाड़ा के परासिया में जन आक्रोश यात्रा को संबोधित करते हुए MP कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने सीएम शिवराज सिंह पर आरोप लगाया है कि, वो डबल स्पीड में झूठी घोषणाओं की मशीन चला रहे हैं। पीसीसी चीफ ने कहा कि, आज वे जानते हैं कि, उनके पास केवल 3 महीने ही बचे हैं, इसीलिए वो झूठी घोषणाएं किए जा रहे हैं।
मैं प्यार और विश्वास लेकर आया हूं - PCC चीफ
पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा कि, मैं 42 साल संसद में हूं और बाकी सांसदों से कहता हूं कि, आप लोग वोट लेकर आए हैं, लेकिन मैं प्यार और विश्वास लेकर आया हूं। यही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। पूर्व सीएम ने अपने इस संबोधन में आगे राज्य की जनता से सच्चाई का साथ देने का आह्वान किया और कहा कि, इसी के जरिए मध्य प्रदेश की तस्वीर बदलेगी।
नौजवानों के भविष्य का सवाल - कमलनाथ
प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि, आज सबसे बड़ी चुनौती नौजवानों का भविष्य है। अगर इनका ही भविष्य अंधेरे में रहा तो एमपी का भविष्य कैसा होगा। आज राज्य में 1 करोड़ नौजवान बेरोजगार घूम रहे हैं। उन्होंने राज्य की बीजेपी सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि, सीएम शिवराज सिंह हर 10-11 महीने में कहते हैं कि, एक लाख नौजवानों को रोजगार मिलेगा, लेकिन मैं कहता हूं कि, जो खाली पद है, पहले उसे ही भर दीजिए।
शिवराज सिंह 3 महीने के मेहमान है - कमलनाथ
जन आक्रोश यात्रा को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा कि, जैसे-जैसे राज्य में विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, शिवराज सिंह जी की घोषणा की मशीन और झूठ की मशीन डबल स्पीड पर चल रही है। शिवराज जी ऐसे हैं, जो झूठ को भी शरमा देते हैं। उन्होंने आगे अपने बयान में कहा कि, आज वो ( शिवराज सिंह ) जगह-जगह घूम रहे हैं और घोषणाएं कर रहे हैं, मगर वो जानते हैं कि, केवल 3 महीने के मेहमान है, इसलिए कुछ भी घोषणाएं कर रहे हैं।
Comments (0)